भारत के बिना गैस परियोजना शुरू कर सकते हैं पाकिस्तान और ईरान
इस्लामाबाद, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान और ईरान ने शुक्रवार को कहा कि ईरान, पाकिस्तान और भारत के बीच प्रस्तावित गैस पाइपलाइन परियोजना से जुड़ने में यदि भारत देरी करता है, तो वे द्विपक्षीय स्तर पर ही 7.5 अरब डॉलर लागत वाली यह परियोजना शुरू करेंगे।
ईरान के विदेश मंत्री मनुचेहर मोत्तकी ने आज कहा, "ईरान और पाकिस्तान ने द्विपक्षीय स्तर पर गैस निर्यात के लिए महत्वपूर्ण गैस पाइपलाइन योजना को अंतिम रूप देने की इच्छा जताई है।" वे इस्लामाबाद में अपने पाकिस्तानी समकक्ष शाह महमूद कुरैशी के साथ मुलाकात के बाद संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे।
मोत्तकी ने कहा कि भारत बाद में इस परियोजना का हिस्सेदार बन सकता है।
गौरतलब है कि वर्ष 2003 में 2,000 किलोमीटर लंबी ईरान-पाकिस्तान-भारत (आईपीआई) पाइपलाइन परियोजना का औपचारिक प्रस्ताव किया गया था। इसके पूरी हो जाने के बाद ईरान की ओर से रोजाना छह करोड़ क्यूबिक मीटर प्राकृतिक गैस की आपूर्ति की योजना थी, जिसका इस्तेमाल भारत और पाकिस्तान समान रूप से करने वाले थे।
गैस की कीमत निर्धारित करने का फॉर्मूला और इस परियोजना के खिलाफ अमेरिका की ओर से भारत पर दबाव बढ़ने की वजह से यह परियोजना अधर में लटक गई। अमेरिका का तर्क है कि इस परियोजना से कथित रूप से परमाणु हथियार बनाने का प्रयास कर रहे ईरान को अलग-थलग करने के प्रयास कमजोर पड़ जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
