बुरहानपुर में हिंसा के बाद कर्फ्यू
भोपाल, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में गुरुवार की रात बालाजी के रथ पर हुए पथराव के बाद शुक्रवार की दोपहर दो संप्रदायों के बीच हुए विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया। कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। हिंसा पर काबू पाने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग तक करनी पड़ी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने यहां कर्फ्यू लगा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात को बालाजी के रथ की शोभा यात्रा निकल रही थी। तभी कुछ लोगों ने रथ पर पथराव कर दिया। पथराव के बाद तनाव बढ़ गया था लेकिन दोनों गुटों ने आपस में बाचतीच कर मामले को सुलझा लिया। शुक्रवार की दोपहर थम चुका विवाद एक बार फिर बढ़ गया। देखते ही देखते गांधी चौक के नजदीक कुछ लोग इकट्ठा हुए और आस पास के दुकानों में आग लगा दी।
आगजनी शुरू होते ही दोनों ओर से पत्थरबाजी तथा मारपीट होने लगी। पुलिस जब तक मौके पर पहुंचती तब तक तनाव काफी बढ़ चुका था। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और हवाई फयरिंग भी की। इसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरी तो शहर के सभी पांच थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया।
खरगोन के पुलिस उप महानिरीक्षक जी़ जनार्दन ने आईएएनएस को बताया कि तनाव बढ़ता देखकर कर्फ्यू लगा दिया गया है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से हालात नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
