पथरी निकालने के लिए दलाई लामा का आपरेशन (लीड-1)
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा का सर गंगाराम अस्पताल में शुक्रवार सुबह पित्ताशय से पथरी निकालने के लिए छोटा आपरेशन किया गया।
दलाई लामा गुरुवार को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में दाखिल हुए थे। एक सूत्र ने अपने नाम का खुलासा नहीं करने की शर्त पर बताया कि दलाई लामा का शुक्रवार सुबह पथरी निकालने के लिए आपरेशन हुआ है। चिंता की कोई बात नहीं है और चिकित्सकों ने उनको कुछ दिनों तक पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है।
गौरतलब है कि सोमवार को धर्मशाला स्थित दलाई लामा के कार्यालय ने कहा था कि 73 वर्षीय धर्मगुरु नियमित चिकित्सा जांच के लिए राजधानी जाएंगे।
इस वर्ष अगस्त से दलाई लामा के कई चिकित्सकीय परीक्षण हुए हैं और इस वजह से उन्होंने भारत के बाहर अपने कुछ दौरों को भी रद्द किया। पेट की तकलीफ के कारण दलाई लामा को अगस्त में मुंबई के लीलावती अस्पताल में दो बार भर्ती होना पड़ा था।
अभी हाल ही में उन्होंने यूरोप, मेक्सिको और डोमीनिकन रिपब्लिक की अपनी यात्रा रद्द कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
