दलाई लामा का सफल आपरेशन (लीड-2)
नई दिल्ली/धर्मशाला, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा का यहां सर गंगाराम अस्पताल में शुक्रवार को पित्ताशय से पथरी निकालने का एक सफल आपरेशन किया गया। उन्हें अस्पताल से अगले दो दिनों में छुट्टी मिल जाएगी।
दलाई लामा को गुरुवार को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। अस्पताल के एक चिकित्सक ने बताया, "दलाई लामा का एक सामान्य आपरेशन किया गया। उनकी स्थिति सामान्य है। उन्हें एक या दो दिनों में अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।"
गौरतलब है कि सोमवार को धर्मशाला स्थित दलाई लामा के कार्यालय ने कहा था कि 73 वर्षीय धर्मगुरु नियमित चिकित्सा जांच के लिए राजधानी जाएंगे।
दलाई लामा के एक वरिष्ठ सहयोगी तेनजिन टाखला ने आईएएनएस को बताया, "चिंता की कोई बात नहीं है। चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल में कुछ और दिन आराम करने की सलाह दी है।"
तेनजिन ने बताया, "दलाई लामा अक्टूबर के अंत तक अपने नियमित कार्यो में लौट आएंगे। नवंबर में उनकी जापान यात्रा के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।"
इस वर्ष अगस्त में दलाई लामा के कई चिकित्सीय परीक्षण हुए थे और इस वजह से उन्हें भारत के बाहर अपने कुछ दौरों को भी रद्द करना पड़ा था। पेट की तकलीफ के कारण अगस्त में उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
