इंफोसिस का शुद्ध मुनाफा 30 प्रतिशत बढ़ा (लीड-1)
बेंगलुरू, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के दौरान कंप्यूटर सॉफ्टवेयर क्षेत्र की प्रमुख घरेलू कंपनी 'इंफोसिस टेक्नोलॉजीज' का शुद्ध मुनाफा 30 प्रतिशत बढ़कर 14.32 अरब रुपये हो गया।
इस वर्ष जुलाई से सितंबर के दौरान इंफोसिस को कुल 54.18 अरब रुपये की आमदनी हुई। यह साल दर साल मुनाफे में 32 प्रतिशत और तिमाही दर तिमाही मुनाफे में 11.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय रिपोर्टिग मानकों (आईएफआरएस) के आधार पर दूसरी तिमाही के दौरान कंपनी को 3.18 करोड़ डॉलर का शुद्ध मुनाफा हुआ। पिछले साल समान अवधि में 2.71 करोड़ डॉलर का शुद्ध मुनाफा हुआ था।
आईएफआरएस के आधार पर इंफोसिस के साल दर साल मुनाफे में 17.3 प्रतिशत और तिमाही दर तिमाही मुनाफे में चार प्रतिशत की वृद्धि हुई।
गौरतलब है कि कंपनी ने देश के शेयर बाजार एक्सचेंजों को शुक्रवार को सूचित किया कि उसने वर्ष 2009 के लिए सकल अनुमानित मुनाफे का दायरा बढ़ाकर 29 से 30 प्रतिशत यानी 213 से 217 अरब रुपये कर दिया है। इससे पहले समान अवधि के लिए साल दर साल मुनाफे का अनुमानित दायरा 28 प्रतिशत यानी 213 से 216 अरब रुपये रखा गया था।
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के दौरान अमेरिकी डॉलर की तुलना में रुपया लगभग नौ प्रतिशत कमजोर हुआ है। यह स्थिति निर्यात पर आधारित उद्योगों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
