शेयर बाजारों में भारी गिरावट का दौर जारी (राउंडअप)
मुंबई, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। पूंजी बाजार में पर्याप्त तरलता बनाए रखने के भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के प्रयास और केंद्रीय वित्त मंत्रालय की ओर से तमाम आश्वासनों के बावजूद शुक्रवार को देश के बाजार लुढ़क गए।
अचल संपत्ति और पूंजीगत वस्तु खंड के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई। अचल संपत्ति क्षेत्र की कंपनियों के शेयर तो 11 प्रतिशत से भी ज्यादा गिर गए।
बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' आज सुबह 696.09 अंकों की भारी गिरावट के साथ 10,632.27 पर खुला और कारोबार की समाप्ति पर यह 800.51 अंक यानी 7.07 प्रतिशत की गिरावट दर्शाते हुए 10,527.85 पर बंद हुआ। यह 10,239.76 के न्यूनतम और 10,904.13 के उच्चतम स्तर तक गया।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' भी आज 233.70 अंक यानी 6.65 प्रतिशत गिरावट के साथ 3,2709.95 पर बंद हुआ। आज सुबह यह 11.60 अंकों की गिरावट के साथ 3,502.05 पर खु़लकर 3,198.95 के न्यूनतम और 3,502.05 के उच्चतम स्तर तक गया।
इस दौरान बीएसई का मिडकैप सूचकांक 334.48 अंक यानी 8.34 प्रतिशत गिरावट के साथ 3,676.00 पर और स्मालकैप सूचकांक 343.74 अंक यानी 7.31 प्रतिशत गिरावट के साथ 4,355.45 पर बंद हुआ।
बीएसई में कुल 382 कंपनियों के शेयरों में बढ़त रही, जबकि 2,189 कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई में सर्वाधिक गिरावट वाले अचल संपत्ति खंड के शेयर 11.30 प्रतिशत, पूंजीगत वस्तु खंड के शेयर 10.11 प्रतिशत, धातु खंड के शेयर 9.25 प्रतिशत, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तु खंड के शेयर 9.22 प्रतिशत और ऊर्जा खंड के शेयरों में 8.80 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।