विदेशी निवेशकों ने बाजार से निकाले 88.3 करोड़ डॉलर
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। विदेशी निवेशकों ने इस सप्ताह शुक्रवार को बंद हुए कारोबारी सप्ताह के दौरान केवल चार दिनों में देश के शेयर बाजारों से 88.3 करोड़ डॉलर निकाल लिए। दशहरा की वजह से गुरुवार को बाजार बंद था।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने इस महीने अब तक 93.28 करोड़ डॉलर की बिकवाली की है। सेबी का कहना है कि इस वर्ष अब तक एफआईआई की बिकवाली का आंकड़ा 10.05 अरब डॉलर तक जा पहुंचा है।
शुक्रवार तक के आंकड़ों के मुताबिक सेबी में कुल 1,530 एफआईआई सूचीबद्ध हैं।
प्रमुख ब्रॉकरेज कंपनी खंडेलवाल सिक्युरिटीज में अनुसंधान प्रमुख अशोक जैनानी ने कहा, "बाजार में मौजूदा भारी गिरावट पश्चिमी देशों में ऋण संकट की वजह से विदेशी कोष के बाहर जाने से आई है।"
आईडीबीआई कैपिटल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नागेंद्र भटनागर ने कहा, "भारतीय शेयर बजारों में विदेशी कोषों की बड़ी भूमिका होती है, इसलिए वैश्विक वित्तीय संकट से हम अछूते नहीं रह सकते।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
