सोनू की सलामती की उम्मीदें, मां ने लगाया ढिलाई का आरोप (लीड-1)
आगरा, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। आगरा के लहरकापुरा गांव के 150 फुट गहरे बोरवेल में गिरे ढाई साल के सोनू को 30 घंटे से ज्यादा वक्त बीत चुका है और अभी भी उसकी सलामती की उम्मीदें कायम हैं। इस बीच उसकी मां ने राहत कार्य में ढिलाई का आरोप लगाया है।
सोनू ने अब तक कोई हरकत नहीं की है और न ही बोरवेल में किसी तरह की हलचल दिखाई दी है। वह गुरुवार सुबह 10 बजे बोरवेल में गिर गया था।
उसे बचाने के लिए अभी भी कोशिशें जारी हैं। इसके लिए और मशीनों व विशेषज्ञों को लगाया गया है लेकिन अब तक सोनू तक पहुंचा नहीं जा सका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रघुवीर लाल ने बताया, "बोरवेल के साथ एक गड्ढा खोदा जा रहा है और पाइप के सहारे आक्सीजन भी पहुंचाई जा रही है। ।"
सोनू की मां ने शाम में पत्रकारों से कहा कि रात में राहत दल कार्य नहीं कर पाएंगे, ऐसे में राहत कार्य तेज गति से किया जाए तो सोनू का इंतजार और उसकी कठिन परीक्षा को कम किया जा सकता है।
मौके पर आगरा मंडल के आयुक्त, जिला अधिकारी, और उच्च पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। वहां एकत्रित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
इस बीच स्थानीय लोग बोरवेल का मुंह खुला छोड़ देने के लिए अधिकारियों को दोषी ठहरा रहे हैं। स्थानीय जल आपूर्ति बोर्ड (जल निगम) के वरिष्ठ अभियंता सुशील कुमार ने इस संबंध में जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन ने जल निगम के दो अधिकारियों को निलंबित भी कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।