जापान ग्रां पी : अभ्यास सत्र में हेमिल्टन ने निकाला सबसे तेज समय
ओयामा (जापान), 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। फार्मूला वन चैंपियनशिप के मौजूदा सत्र में सबसे आगे चल रहे मैक्लारेन टीम के ब्रिटिश चालक लुईस हेमिल्टन ने रविवार को होने वाले जापान ग्रां पी के पहले अभ्यास सत्र में सबसे तेज समय निकाला है।
हेमिल्टन ने फूजी पर्वत की तलहटी में स्थित 4.563 किलोमीटर लंबे फूजी स्पीडवे ट्रैक को एक मिनट 18.91 सेकेंड समय में नापकर फेरारी टीम के ब्राजीली चालक फिलिप मासा को 0.153 सेकेंड के अंतर से पीछे छोड़ा।
हेमिल्टन के साथी और मैक्लारेन टीम के दूसरे चालक फिनलैंड के हेइकी कोवालेनन तीसरे स्थान पर रहे। वे हेमिल्टन के मुकाबले 0.369 सेकेंड पीछे रहे।
इस सत्र में तीन रेस बाकी हैं। चालकों की सूची में हेमिल्टन 84 अंकों के साथ सबसे ऊपर हैं जबकि मासा 77 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। बीएमडब्ल्यू साउबर टीम के चालक राबर्ट कुबेका तीसरे और किमी राइकोनन चौथे स्थान पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
