इंदौर-पुणे एक्सप्रेस में बम की अफवाह
इंदौर, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंदौर से पुणे जाने वाली रेलगाड़ी में शुक्रवार को बम रखे होने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन की नींद उड़ गई लेकिन दो घंटों तक चली सघन जांच के बाद सूचना को अफवाह करार दे दिया गया।
जानकारी के अनुसार उज्जैन के स्टेशन प्रबंधक को दोपहर लगभग डेढ़ बजे फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने सूचना दी कि इंदौर-पुणे एक्सप्रेस में बम रखा है। स्टेशन प्रबंधक ने इसकी जानकारी तत्काल इंदौर के रेलवे अधिकारियों और पुलिस को दी। स्टेशन प्रबंधक को सूचना दोपहर लगभग डेढ़ बजे मिली थी, जबकि इंदौर रेलवे स्टेशन से रेलगाड़ी के चलने का समय दो बजे निश्चित है।
रेलगाड़ी को तत्काल यार्ड में वापस ले जाकर उसकी सघन जांच की गई। इंदौर राजकीय रेलवे पुलिस थाना प्रभारी अरविंद खरे ने बताया, "रेलगाड़ी की सघन जांच के लिए खोजी कुत्ते और बम निरोधक दस्ते बुलाए गए थे लेकिन जांच के बाद सूचना झूठी पाई गई।" आखिरकार रेलगाड़ी को एक घंटे 20 मिनट की देरी से रवाना किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
