पेट दर्द की शिकायत के बाद दलाई लामा अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। तिब्बतियों के आध्यात्मिक गुरु एवं नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित दलाई लामा को पेट में असहनीय पीड़ा के बाद राजधानी के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि उनके कार्यालय का कहना है कि वे अस्पताल में नियमित जांच करवा रहे हैं।
अस्पताल के एक चिकित्सक ने आईएएनएस को बताया कि असहनीय पेट दर्द के बाद दलाई लामा को गुरुवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि दलाई लामा के कई मेडिकल परीक्षण हो सकते हैं, लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है।
गौरतलब है कि सोमवार को धर्मशाला स्थित दलाई लामा के कार्यालय ने कहा था कि 73 वर्षीय धर्मगुरु नियमित चिकित्सा जांच के लिए राजधानी जाएंगे।
इस वर्ष अगस्त से दलाई लामा के कई चिकित्सकीय परीक्षण हुए हैं और इस वजह से उन्होंने भारत के बाहर अपने कुछ दौरों को भी रद्द किया। पेट की तकलीफ के कारण दलाई लामा को अगस्त में मुंबई के लीलावती अस्पताल में दो बार भर्ती होना पड़ा था।
अभी हाल ही में उन्होंने अपनी यूरोप, मेक्सिको और डोमिनिकन रिपब्लिक की यात्रा रद्द की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
