बेंगलुरू टेस्ट : आस्ट्रेलिया के 333 रन, हसी शतक के करीब (लीड-1)
बेंगलुरू, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के साथ बेंगलुरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को आस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में भोजनकाल तक पांच विकेट पर 333 रन बना लिए हैं।
मैच के पहले दिन कप्तान रिकी पोंटिंग (123) के साथ तीसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़ने वाले माइकल हसी 92 रन पर नाबाद हैं जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हेडिन 26 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
दूसरे दिन के पहले सत्र में आस्ट्रेलिया ने पहले दिन के अपने स्कोर चार विकेट पर 254 रन में मात्र पांच रन जोड़ने के बाद नए बल्लेबाज शेन वॉटसन (2) का विकेट खो दिया। वॉटसन को इशांत शर्मा ने बोल्ड किया। इशांत ने मैच में अपना दूसरा विकेट झटका।
इसके बाद हसी और हेडिन ने संभलकर खेलते हुए पहला सत्र आसानी से पार कर लिया। पहले दिन 46 रन बनाकर नाबाद लौटने वाले हसी और हेडिन के बीच छठे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी हो चुकी है। हसी ने 181 गेंद खेलकर 10 चौके लगाए हैं जबकि हेडिन 93 गेंदों पर तीन चौके लगा चुके हैं।
मैच के पहले दिन अपने करियर का 36वां और भारत में पहला टेस्ट शतक लगाने वाले कप्तान पोंटिंग के अलावा साइमन कैटिच ने 66 रनों की साहसिक पारी खेली थी। पोंटिंग और कैटिच ने दूसरे विकेट के लिए 166 रनों की साझेदारी कर मैथ्यू हेडन (0) के सस्ते में आउट होने के गम को कम कर दिया था।
पोंटिंग ने 243 गेंदें खेलकर 13 चौके लगाए थे, जबकि कैटिच ने 149 गेंदों पर सात चौके जड़े थे। भारत की ओर से जहीर ने भी दो विकेट लिए हैं जबकि हरभजन सिंह को एक विकेट मिला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
