मध्यप्रदेश में मारुति ने 20 को कुचला, महिला की मौत
भोपाल 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में दशहरा समारोह के दौरान एक अनियंत्रित मारुति वैन ने 20 लोगों को कुचल डाला। इस हादसे में घायल एक महिला ने बाद में दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार रायसेन के कोतवाली थाना अंतर्गत चौपड़ा मुहल्ला क्षेत्र में गुरुवार की रात दशहरा समारोह के दौरान शोभा यात्रा निकाली जा रही थी। तभी एक अनियंत्रित मारुति वैन ने महिलाओं और बच्चों सहित 20 लोगों को रौंदकर घायल कर दिया।
हादसे में घायल कोमल बाई नाम की एक महिला की बाद में मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए भोपाल भेजा गया है जबकि मामूली रूप से घायल हुए लोगों का इलाज रायसेन के जिला चिकित्सालय में चल रहा है। घटना के बाद भीड़ ने चालक की पिटाई की जिससे वह भी घायल हो गया। गुस्साई भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।
रायसेन के पुलिस अधीक्षक क़े सी़ जैन ने आईएएनएस को बताया कि घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है लेकिन जैन ने पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने से इंकार किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
