प्रधानमंत्री की बैठक का बहिष्कार किया उमर अब्दुल्ला ने
श्रीनगर, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ सूबे के राजनीतिक दलों की होने वाली बैठक का बहिष्कार किया।
बगलिहार पनबिजली परियोजना के उद्घाटन के मौके पर सुरक्षाकर्मियों द्वारा प्रताड़ित किए जाने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
उमर ने आरोप लगाया कि सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ बगलिहार में बदसलूकी की। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री द्वारा शुक्रवार को 900 मेगावाट पनबिजली परियोजना के उद्घाटन के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने मुझे प्रताड़ित किया।"
उन्होंने कहा, "इसके विरोध में मैंने उस आधिकारिक हेलिकाप्टर का इस्तेमाल नहीं किया जो मुझे बगलिहार से श्रीनगर पहुंचने के लिए दिया गया था। मैं सड़क के रास्ते श्रीनगर आया।"
सूत्रों के मुताबिक बगलिहार परियोजना के उद्घाटन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद और गुलाम नबी आजाद प्रधानमंत्री के साथ मंच पर बैठे थे जबकि उमर के साथ सामान्य शिष्टाचार को भी नजरअंदाज किया गया।
उमर की अनुपस्थिति में नेशनल कांफ्रेंस के अन्य नेताओं को प्रधानमंत्री के साथ शामिल होने के लिए भेजा गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
