अबू सलेम पर से हत्या का मामला वापस
मुंबई, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम के लिए शुक्रवार का दिन राहत भरा साबित हुआ। अजीत देवानी की हत्या के मामले में अभियोजन पक्ष ने उस पर से सभी आरोपों को वापस ले लिया।
अजीत देवानी अभिनेत्री मनीषा कोईराला और अभिनेता आफताब शिवदासानी के सचिव थे और 2002 में उनकी हत्या हो गई थी।
इस मामले में सलेम को महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका), शस्त्र अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के तहत आरोपी बनाया गया था।
सलेम के वकील तेजबहादुर ठाकुर ने आईएएनएस को बताया कि अभियोजन पक्ष ने शुक्रवार को मकोका अदालत के समक्ष मामला वापस लेने का आवेदन किया जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।
उन्होंने बताया कि सलेम के खिलाफ केवल सात मुकदमों को चलाने की ही स्वीकृति दी गई है और अब उस पर किसी नए मामले में मुकदमा नहीं चलाया जा सकता।
गौरतलब है कि वर्ष 2005 में सलेम और बॉलीवुड अभिनेत्री मोनिका बेदी को पुर्तगाल से प्रत्यर्पित करके भारत लाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
