सौरव की टिप्पणी को बेदी ने बताया खेदजनक, वेंगसरकर ने साधी चुप्पी
कोलकाता/नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। पूर्व भारतीय कप्तान बिशन सिंह बेदी का मानना है कि सौरव गांगुली ने अपने साथी खिलाड़ियों व राष्ट्रीय चयनकर्ताओं पर भड़क कर आस्ट्रेलिया के साथ शुरू होने वाले महत्वपूर्ण टेस्ट मैच से पहले ड्रेसिंग रूम का माहौल बिगाड़ दिया होगा।
बेदी ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया, "अपने अशोभनीय बयान के बाद वे निश्चित रूप से अकेला महसूस कर रहे होंगे।"
उन्होंने कहा कि उन्हें यह उम्मीद नहीं थी कि 400 अंतर्राष्ट्रीय मैचों का अनुभव रखने वाला कोई खिलाड़ी जिसे खिलाड़ियों का कप्तान कहा जाता है, इस प्रकार का बयान भी दे सकता है।
उन्होंने कहा, "ऐसे समय में जब उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी तो उन्हें इतने कटुता भरे बयान नहीं देने चाहिए थे। इसके लिए उन्होंने बहुत गलत समय चुना। उन्हें अपने साथी खिलाड़ियों के साथ सौम्यता से पेश आना चाहिए।"
राष्ट्रीय चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष दिलीप वेंगसरकर ने कहा, "इसके बारे में मैं अभी कुछ भी नहीं कहूंगा क्योंकि आस्ट्रेलिया के साथ श्रृंखला अभी जारी है। श्रृंखला के बाद मैं अपनी प्रतिक्रिया दूंगा।"
ज्ञात हो कि सौरव ने वेंगसरकर पर भी जमकर निशाना साधा था।
पूर्व टेस्ट खिलाड़ी ईरापल्ली प्रसन्ना ने कहा कि सौरव की नाराजगी वाजिब है। चयनकर्ताओं ने हमेशा उन पर तलवार लटकाए रखी। वे हमेशा दबाव में रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
