एनएसडी में बाल महोत्सव शनिवार से
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजधानी के राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) में 11 से 20 अक्टूबर तक बाल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
इस दौरान यहां नाट्योत्सव 'जश्नेबचपन' के साथ लोक नृत्य व संगीत पर आधारित 'बाल संगम' मेला का आयोजन होगा। इसमें भाग लेने के लिए देश भर के विविध रंगमंचों से जुड़ी बच्चों की टोलियां यहां इकट्ठा हो रही हैं।
अगले 10 दिनों तक चलने वाले 'जश्नेबचपन' नाट्योत्सव के दौरान 20 नाटकों का मंचन होगा। इसकी शुरुआत 'पंख पखेरू' नामक नाटक से होगी, जबकि 'बाल संगम' मेला के दौरान आयोजित लोक नृत्य व संगीत कार्यक्रम 12 अक्टूबर से प्रारंभ होगा। इसके लिए पूरे परिसर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं।
एनएसडी के सहायक जनसंपर्क अधिकारी ने शुक्रवार को बताया, "बाल महोत्सव से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इसमें भाग लेने के लिए पूर्वोत्तर राज्यों समेत देश भर से बच्चों की टोलियां यहां पहुंच रही हैं।" उन्होंने कहा कि फिलहाल महोत्सव में भाग लेने वाले बच्चों की सही संख्या बताना मुश्किल है, क्योंकि बच्चों की कई टोलियों का आना अभी बाकी है।
मध्यप्रदेश के सागर से आए 'छत्रसाल बुंदेलखंड अखाड़ा' से जुड़े बच्चों ने कहा, "हम लोग इस महोत्सव के दौरान 'बरेदी लोक नृत्य' के साथ युद्धकला से जुड़े नृत्य प्रस्तुत करने वाले हैं।" टोली के निर्देशक राजकुमार ने बताया कि टोली में शामिल सभी बच्चों की उम्र आठ से 14 वर्ष के बीच है। वे लोग नृत्य प्रस्तुती के दौरान विविध युद्धकला का प्रदर्शन करने वाले हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
