क्रेमलिन कप टेनिस : मुश्किल से जीतीं जानकोविक
मास्को, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। वीनस विलियम्स और एना इवानोविक की सनसनीखेज हार की खबरों से उबरते हुए दुनिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त महिला टेनिस खिलाड़ी सर्बिया की जेलेना जानकोविक क्रेमलिन कप टेनिस टूर्नामेंट के अंतिम आठ दौर में पहुंच गई हैं।
यूरोप की खेल वेबसाइट 'यूरोस्पोर्ट डॉट कॉम' के मुताबिक जानकोविक के लिए यह मैच यागदार नहीं रहा क्योंकि वरीयता क्रम में अपने से काफी नीचे की खिलाड़ी वेरा डुसेवीना को हराने के लिए उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा।
पहला सेट गंवाने के बाद जानकोविक हालांकि 6-7,6-3, 6-2 से जीत दर्ज करने में सफल रहीं लेकिन कुल मिलाकर आने वाले मुकाबलों को लेकर उनकी मुश्किलें बढ़ गई होंगी।
रविवार को स्टुटगार्ट में खिताब जीतने वाली जानकोविक अंतिम आठ मुकाबले में इटली की फलाविया पेनेता से भिड़ेंगी, जिन्होंने मंगलवार को वीनस को हराने के बाद रूस की एकातेरीना माकोरोवा पर 3-6, 6-4, 6-4 से जीत दर्ज की।
अन्य मुकाबलों में सातवीं वरीयता प्राप्त रूसी खिलाड़ी वेरा ज्वोनारेवा एकतरफा मुकाबले में स्लोवाकिया की डेनिएला हंतुचोवा को 6-1, 6-0 से हराकर अंतिम आठ में पहुंच गई हैं।
अब उनका सामना स्लोवाकिया की ही डोमिनिका क्ल्बल्कोवा से होगा। क्लबल्कोवा ने बुधवार को दुनिया की पूर्व शीर्ष वरीयता प्राप्त सर्बियाई खिलाड़ी इवानोविक को हराकर इस दौर में स्थान सुरक्षित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
