24 घंटे बाद भी बोरवेल में फंसा है सोनू
आगरा, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। आगरा के लहरकापुरा गांव के 150 फुट गहरे बोरवेल में गिरे ढाई साल के सोनू को 24 घंटे से ज्यादा वक्त बीत चुका है लेकिन अब तक उसे बाहर निकालने में कामयाबी नहीं मिल सकी है।
सोनू ने अब तक कोई हरकत नहीं की है और न ही बोरवेल में किसी तरह की हलचल दिखाई दी है।
उसे बचाने के लिए कैप्टन राजेश की अगुवाई में सेना के जवान और चिकित्सक जिला प्रशासन के साथ मौके पर डटे हुए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रघुवीर लाल ने बताया, "बोरवेल के साथ एक गड्ढा खोदा जा रहा है और पाइप के सहारे आक्सीजन भी पहुंचाई जा रही है। मौके पर जिला अधिकारी अनिल कुमार तथा चिकित्सकों का एक दल मौजूद है।"
जिला अधिकारी अनिल कुमार का कहना है कि बचाव कार्य शुक्रवार शाम तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए और मशीनों और विशेषज्ञों को लगाया गया है।
इस बीच सोनू के पड़ोसी और स्थानीय राजनीतिज्ञ बोरवेल का मुंह खुला छोड़ देने के लिए अधिकारियों को दोषी ठहरा रहे हैं। स्थानीय जल आपूर्ति बोर्ड के वरिष्ठ अभियंता सुशील कुमार ने इस संबंध में जांच के आदेश दिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
