त्योहार के समय पर्याप्त सुरक्षा चाहता है व्यापारी वर्ग
नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। शहर के व्यापारियों में शनिवार को हुए धमाकों के बाद दहशत व्याप्त है। इन सिलसिलेवार धमाकों में 23 लोगों की जानें गईं थीं। त्योहारों का मौसम शुरू होने पर वे चाहते हैं कि बड़े बाजारों और शापिंग माल्स में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी जाए।
कंफडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने आईएएनएस से कहा, "महंगाई के चलते पहले ही बाजार में खरीदार नहीं थे और व्यापारी त्योहारों के दौरान अच्छे कारोबार की उम्मीद कर रहे थे। अब इन आतंकवादी हमलों ने उनके के सामने और परेशानियां खड़ी कर दी हैं।"
लगभग पांच हजार व्यापारी सदस्यों वाले इस संगठन ने रविवार को कहा कि वह करोलबाग और कनाटप्लेस जैसे बड़े बाजारों की सुरक्षा के लिए एक कार्ययोजना बनाएगा। खंडेलवाल ने कहा कि ऐसी योजना व्यापारियों के हित में होगी क्योंकि अगर लोगों के मन में भय होगा तो वे खरीदारी करने बाहर नहीं निकलेंगे।
खंडेलवाल के मुताबिक शहर के खुदरा और थोक व्यापार का रोज का कारोबार 1.25 करोड़ से 1.50 करोड़ रुपयों के बीच है और त्योहारों के मौसम में इसमें 30 से 40 फीसदी की वृद्धि होती है।
उधर, औद्योगिक संगठन 'फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कामर्स' (फिक्की) के आर्थिक सलाहकार अंजन राय ने आईएएनएस से कहा, "यद्यपि देश के लोगों में इन आतंकवादी घटनाओं को पीछे छोड़कर आगे निकल जाने का साहस है लेकिन फिर भी इनका देश की आर्थिक स्थिति पर कुछ असर तो पड़ता ही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications