जाली नोट प्रकरण : आरबीआई जांच दल ने दस्तावेज कब्जे में लिए
डुमरियागंज, 14 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश के सिद्धार्थनगर में स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की डुमरियागंज शाखा से तीन करोड़ से ज्यादा के जाली नोटों की बरामदगी के बाद भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की जांच टीम ने बैंक के कुछ दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर कर्मचारियों से पूछताछ की है।
सूत्रों ने बताया कि शनिवार देर शाम रिजर्व बैंक का एक दल भारतीय स्टेट बैंक की डुमरियागंज शाखा आया और बैंक के दस्तावेजों की जांच कर कुछ कागजात अपने कब्जे में ले लिए। इसके अलावा जांच दल ने बैंक कर्मचारियों से पूछताछ भी की।
उल्लेखनीय है गत 29 जुलाई को नकली नोटों के तस्कर आबिद शेख उर्फ पंडित और डुमरियागंज एसबीआई शाखा के मैनेजर सुधाकर त्रिपाठी को गिरफ्तार करने के बाद नकली नोट का यह मामला सामने आया था और बैंक के करेंसी चेस्ट से तीन करोड़ रुपये से ज्यादा के जाली नोट बरामद किए गये थे।
प्रदेश सरकार ने इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की सिफारिश पिछले महीने ही कर दी थी लेकिन सीबीआई की तरफ से अभी तक स्वीकृति नहीं मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications