मप्र विधानसभा चुनाव में दावेदारों को मौके ही मौके
भोपाल, 1 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव दो प्रमुख दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के लिए चुनौती भरे होंगे क्योंकि दोनों ही दल सत्ता के दावेदार हैं। वहीं चुनाव में दूसरे अन्य दलों द्वारा अपना जोर लगाने के आसार नजर आने से दावेदारों के लिए अवसर बढ़ गए हैं।
पिछले विधानसभा चुनावों पर नजर दौड़ाई जाए तो एक बात साफ हो जाती है कि सभी विधान सभा क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इन सीधे मुकाबलों को कहीं-कहीं समाजवादी पार्टी (सपा) तथा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने त्रिकोणीय तथा चतुष्कोणीय बनाने में भूमिका निभाई है। इसकी वजह सपा और बसपा की इलाकाई ताकत रही है।
आगामी चुनाव को लेकर बसपा और सपा गंभीर है तथा उन्होंने प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने का मन बना लिया है। इसके अलावा आगामी चुनाव में एक नया दल भारतीय जन शक्ति पार्टी अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में है। इसकी मुखिया उमा भारती भी सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर चुकी हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के चुनाव में समानता दल, अपना दल और गौंडवाना गणतंत्र पार्टी भी अपने हाथ अजमाएगीं।
इस तरह सभी सीटों पर पांच प्रमुख दल उम्मीदवारों को उतारने का मन बना चुके हैं। इस तरह यह पहला मौका होगा जब प्रदेश की राजनीति में पांच दलों के उम्मीदवार मुकाबला करते नजर आएंगे। ये अनुमान अगर मूर्त रूप में बदल गए तो उन दावेदारों की कीमत कुछ बढ़ जाएगी जो बागी हो सकते हैं, अथवा जिनकी अपने इलाकों में अच्छी पकड़ है।
आगामी चुनाव में दावेदारों के अवसर बढ़ने की बात से राजनीतिक समीक्षक और पत्रकार गिरिजा शंकर पूरी तरह सहमत नहीं है। उनका कहना है कि लगभग हर चुनाव में पार्टियां उभरकर सामने आती हैं और अपनी ताकत दिखाने की बात करती हैं। लगता है कि इस बार भी पिछली बार की तरह ही होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications
