जयवर्धन ने कहा, दबाव में बिखर जाती है भारतीय टीम
कोलंबो, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। श्रीलंका की क्रिकेट टीम के कप्तान माहेला जयवर्धने यह कहते हुए भारतीय टीम के पुराना घाव फिर से हरे कर दिए हैं कि एकदिवसीय श्रंखला के दौरान धोनी की टीम दबाव में बिखर गई थी।
हैरानी की बात यह है कि जयवर्धने का यह बयान उस समय आया है, जब भारतीय टीम ने श्रीलंका में पहली बार श्रंखला जीतने का कारनामा किया है।
क्रिकेट वेबसाइट 'क्रिकइंफो' से बातचीत के दौरान जयवर्धने ने कहा, "यह सच है कि हमने श्रंखला गंवा दी। हालांकि हम लड़ते हुए हारे, जबकि आखिरी मैच से साफ दिखा कि भारतीय टीम की दबाव में बिखरने की पुरानी आदत अब तक बरकरार है।"
जयवर्धने के मुताबिक उन्हें इस बात की खुशी है कि उनकी टीम लड़कर हारी है। बकौल जयवर्धने, "मैं चाहता हूं कि हमारी टीम अंतिम समय तक लड़ने की आदत विकसित करे। जीत और हार खेल का अंग हैं, लेकिन बहादुर वही हैं, जो आसानी से हार स्वीकार नहीं करता। ऐसा तभी हो सकता है, जब हमें अपनी क्षमता पर भरोसा होगा।"
हालांकि जयवर्धने ने श्रंखला के दौरान अपने बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर निराशा जाहिर की। उन्होंने कहा, "हमारी बल्लेबाजी बेहद खराब रही। अगर हम रन ही नहीं बना सकते तो फिर मैच कैसे जीत सकते हैं। हम अच्छा कर सकते थे, लेकिन प्रदशर्न में निरंतरता नहीं रख पाने के कारण हमें हार झेलनी पड़ी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
