अभिनव बिंद्रा ट्रस्ट ने बाढ़ पीड़ितों को दिए पांच लाख रुपये
चंडीगढ़, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। बीजिंग ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज अभिनव बिंद्रा के नाम पर बने 'द अभिनव बिंद्रा ट्रस्ट' ने बिहार में बाढ़ की विभीषिका झेल रहे लाखों लोगों की मदद के लिए पांच लाख रुपये की सहायता देने का फैसला किया है।
अभिनव के पिता ए.एस.बिंद्रा ने कहा, "हमने अभिनव के नाम पर चलाए जा रहे ट्रस्ट में से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए बिहार सरकार को पांच लाख रुपये की सहायता देने का फैसला किया है।"
अभिनव के पिता ने कोसी नदी में आई बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा करार देते हुए कहा कि इस मौके पर देश के हर नागरिक को मदद के लिए आगे आना चाहिए।
ए.एस.बिंद्रा ने बताया कि अभिनव के नाम पर नौ साल पहले विकास कार्यो के लिए ट्रस्ट की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा, "हम बहुत जल्द एक निशानेबाजी अकादमी शुरू करने जा रहे हैं। इसमें युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
