उड़ीसा हिंसा : महेश भट्ट की अगुवाई में राष्ट्रपति से मिला प्रतिनिधिमंडल
नई दिल्ली, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। प्रसिद्ध फिल्मकार महेश भट्ट की अगुआई में सामाजिक कार्यकर्ताओं का एक दल उड़ीसा हिंसा मसले पर अपनी चिंता जताने सोमवार को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने उनसे मांग की कि केंद्र सरकार राज्य में हिंसक गतिविधियां रोकने के लिए वहां संविधान का अनुच्छेद 355 लागू करे।
अनुच्छेद 355 के अंतर्गत यह केंद्र सरकार का कर्तव्य है कि वह किसी भी राज्य में बाह्य आक्रमण अथवा आंतरिक अशांति को रोकने के लिए संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करे।
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद भट्ट ने संवाददाताओं से कहा, "राष्ट्रपति ने हमें आश्वासन दिया है कि उड़ीसा में हिंसा रोकने के लिए कड़े उपाय किए जाएंगे।"
भट्ट ने कहा, "स्थिति खराब होने के बावजूद केंद्र वहां सुरक्षा बल भेजने के प्रति अनिच्छुक है। उसका कहना है कि राज्य सरकार ने सुरक्षा बलों की मांग नहीं की है।"
प्रतिनिधिमंडल ने उड़ीसा में एक विशेष संप्रदाय के लोगों को हिंसा का शिकार बनाने के लिए बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) जैसे संगठनों पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
