काउंटी में अच्छी नहीं है शोएब की छवि
नई दिल्ली, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। इंग्लैंड के काउंटी क्लब सरे ने प्रतियोगिता से बाहर होने से बचने के लिए शोएब अख्तर को इस सत्र में अपनी टीम से खेलने का न्यौता दिया है। सरे के प्रबंधक एलेन बूचर को जरूर शोएब में कुछ 'खास' नजर आया होगा, लेकिन कुल मिलाकर काउंटी क्रिकेट में शोएब की छवि अच्छी नहीं है।
नई दिल्ली, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। इंग्लैंड के काउंटी क्लब सरे ने प्रतियोगिता से बाहर होने से बचने के लिए शोएब अख्तर को इस सत्र में अपनी टीम से खेलने का न्यौता दिया है। सरे के प्रबंधक एलेन बूचर को जरूर शोएब में कुछ 'खास' नजर आया होगा, लेकिन कुल मिलाकर काउंटी क्रिकेट में शोएब की छवि अच्छी नहीं है।
शोएब तीन क्लबों के लिए अब तक कुल चार बार काउंटी खेल चुके हैं। 2001 में जब वे अपने करियर के सबसे अच्छे दौर में थे, तब समरसेट में उनके साथ करार किया था। 2003 और 2004 में डरहम ने उनके साथ करार किया और 2005 में वे वॉरसेस्टरशायर के लिए काउंटी में खेले थे।
एक खिलाड़ी के तौर पर शोएब काउंटी में सफल रहे हैं, लेकिन एक व्यक्ति के तौर पर उनकी हरकतें टीम प्रबंधन के लिए हमेशा परेशानी का सबब रही हैं। अपनी हरकतों के साथ-साथ शोएब फिटनेस को लेकर भी क्लब टीमों के लिए चिंता का विषय बने रहे हैं। किसी विदेशी खिलाड़ी पर पैसा खर्च करने वाली कोई भी टीम नहीं चाहेगी कि सत्र के बीच में ही उसकी टीम का विदेशी खिलाड़ी चोटिल हो जाए।
काउंटी में आम धारणा बन चुकी है कि शोएब अपनी भूमिका को पूरी गंभीरता के साथ नहीं निभाते हैं। यकीन नहीं आता तो वॉरसेस्टरशायर क्लब के अध्यक्ष जॉन इलीयट के इस बयान पर गौर कीजिए, "हमें शोएब जैसे खिलाड़ी की बिल्कुल जरूरत नहीं। वे किसी भी क्लब के लिए काम के नहीं हैं। वे सुपरस्टार हैं और अपनी मर्जी की करते हैं, जबकि उन्हें क्लबों की मर्जी के हिसाब से चलना चाहिए।"
अगर वॉरसेस्टरशायर जैसे क्लब का अध्यक्ष शोएब के लिए ऐसा विचार रखता है तो फिर सरे ने उनके साथ करार की इच्छा क्यों जाहिर की है। यहां गौर करने वाली बात यह है कि सरे को काउंटी चैंपियनशिप से रेलीगेशन (बाहर होने) का खतरा सता रहा है, ऐसे में उसे एक ऐसा खिलाड़ी चाहिए जो कोई चमत्कार कर उसे इस खतरे से उबार सके।
यकीनी तौर पर शोएब में चमत्कार करने के गुण हैं। सबको याद होगा कि लंबे समय बाद वापसी करते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शोएब ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स को दिल्ली डेअरडेविल्स के खिलाफ शानदार जीत दिलाई थी। शोएब ने उस मैच में 11 रन देकर चार विकेट लिए थे और मैन ऑफ द मैच चुने गए थे।
इस मैच की चर्चा इसलिए जरूरी है क्योंकि शोएब ने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए उस वक्त मैच जिताऊ गेंदबाजी की थी, जब उसे इसकी सबसे अधिक जरूरत थी। यही बात काउंटी क्लब सरे के साथ भी लागू होती है क्योंकि रेलीगेशन के खतरे के कारण सरे के कर्ताधर्ता फिलहाल यह मानने को तैयार नहीं कि शोएब को टीम में शामिल कर वे एक तरह की मुसीबत मोल रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications
