गैस ब्लॉक की हिस्सेदारी अनुषंगी कंपनी में स्थानांतरित नहीं करेगी रिलायंस
नई दिल्ली, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। 'रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड' (आरआईएल) कृष्णा गोदावरी बेसिन स्थित 'डीपवाटर गैस ब्लॉक' की अधिकांश हिस्सेदारी पूर्ण स्वामित्व वाली अपनी एक अनुषंगी कंपनी में स्थानांतरित नहीं करेगी। आरआईएल ने सोमवार को यह घोषणा की।
आरआईएल ने एक बयान में कहा कि पहले उसकी योजना कृष्णा गोदावरी बेसिन स्थित 'डी 6 ब्लॉक' की अधिकांश हिस्सेदारी अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी में स्थानांतरित करने की थी। ऐसा करने से परियाजना के वित्तपोषण के लिए कोष की व्यवस्था करने में सहूलियत होती।
लेकिन कंपनी का कहना है कि परियोजना के लिए जरूरी कोष की व्यवस्था कर ली गई है, इसलिए उसने पहले वाली योजना वापस ले ली है।
आरआईएल ने अपने बयान में कहा, "हमारी परियोजना अब पूरी होने वाली है। हमने इसके लिए धन की व्यवस्था कर ली है। इसलिए अनुषंगी कंपनी में इस परियोजना की अधिकांश हिस्सेदारी स्थानांतरित करने की अब जरूरत नहीं रही।"
गौरतलब है कि डी 6 बलॉक में आरआईएल की 90 प्रतिशत हिस्सेदारी है। शेष हिस्सेदारी कनाडा की तेल कंपनी 'निको रिसोर्सेज' की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
