आफरीदी को टीम नैतिकता का ज्ञान नहीं : लक्ष्मण
हैदराबाद, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने वाली डेक्कन चाजर्स टीम के कप्तान और भारत की टेस्ट टीम के स्टायलिश बल्लेबाज वी.वी.एस लक्ष्मण का कहना है कि आईपीएल में उनकी टीम की हार सामूहिक नाकामी का नतीजा थी। ऐसे में टीम के सदस्य रहे शाहिद आफरीदी जैसे वरिष्ठ क्रिकेटर द्वारा टीम के खिलाफ बोलना नैतिकता के खिलाफ था।
लक्ष्मण ने कहा कि उन्हें अपनी टीम की हार का उतना दुख नहीं, जितना आफरीदी जैसे वरिष्ठ खिलाड़ी द्वारा टीम की नैतिकता का सरेआम कत्ल करने पर हुआ। लक्ष्मण ने कहा, "आफरीदी ने सार्वजनिक तौर पर टीम की नाकामी को लेकर बयान दिया। यह टीम की नैतिकता की हत्या नहीं तो और क्या है।"
खेल वेबसाइट 'क्रिकेटनेक्ट डॉट कॉम' से बातचीत के दौरान लक्ष्मण ने कहा, "आफरीदी में जरा भी नैतिकता नहीं। आईपीएल के दौरान उन्होंने टीम की आलोचना की और कप्तान को अकेला छोड़ दिया। यह एक बार नहीं बल्कि बार-बार हुआ।"
लक्ष्मण मानते हैं कि इतने साल क्रिकेट में गुजारने के बाद भी आफरीदी को क्रिकेट की मूलभूत बातों का ज्ञान तक नहीं है। उन्होंने कहा, "आफरीदी के पास अच्छा-खासा अनुभव है। उन्हें टीम के काम करने के तरीके की आलोचना नहीं करनी चाहिए थी। उन्हें समझना चाहिए था कि आईपीएल में हमारी हार सामूहिक नाकामी का नतीजा थी। इसके लिए किसी एक को दोषी नहीं ठहराया जा सकता था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
