आरुषि हत्याकांड मामले में सीबीआई बना सकती है एक आरोपी को सरकारी गवाह
नई दिल्ली, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। नोएडा में हुए आरुषि और उसके घरेलू नौकर हेमराज के दोहरे हत्याकांड मामले को हल करने का दावा करने के 50 दिन बाद भी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) इस मामले में आरोपपत्र तैयार नहीं कर पाया है। ऐसे में माना जा रहा है कि सीबीआई एक अभियुक्त को सरकारी गवाह बनाकर पेश करेगी।
सूत्रों के मुताबिक अब जबकि 10 सितंबर को आरोपपत्र दाखिल करने की तय समयावधि खत्म हो रही है, एजेंसी नोएडा के प्रतिष्ठित चिकित्सक दंपत्ति की 14 वर्षीय बेटी और उनके नौकर की हत्या के मामले में कोई ठोस सबूत जुटा पाने में नाकाम रही है।
सीबीआई के एक अधिकारी ने इस संबंध में बताया, "अभी हमारे पास कोई ठोस सबूत नहीं है। नार्को-एनालिसिस टेस्ट में हमारे पास आरोपी की स्वीकारोक्ति है। हम कोशिश कर रहे हैं कि आरोपी को सरकारी गवाह बना लें ताकि आरोपपत्र समय पर दाखिल किया जा सके।"
उल्लेखनीय है कि सरकारी गवाह बना व्यक्ति मामले में अपनी भूमिका को मानते हुए जांच में सहयोग करता है तो अक्सर बदले में जांच एजेंसी अदालत से सजा सुनाते समय उसके प्रति नरमी बरतने का अनुरोध करती है।
उल्लेखनीय है कि आरुषि की गत 16 मई को उसके घर में ही गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इसके ठीक एक दिन बाद उसके घरेलू नौकर हेमराज का शव भी छत से बरामद हुआ था। नोएडा पुलिस ने हत्या में परिवार की संलिप्तता की बात कही थी। बाद में 31 मई को मामला सीबीआई के हवाले कर दिया गया था।
सीबीआई निदेशक अरुण कुमार ने 11 जुलाई को आरुषि के पिता राजेश तलवार को पाक साफ बताते हुए कहा था कि इस हत्याकांड में उनके कंपाउंडर कृष्णा और दो अन्य लोगों राजकुमार और विजय मंडल का हाथ है।
पुलिस ने तलवार परिवार के नजदीकी दुर्रानी दंपत्ति के नौकर राजकुमार के घर से खून से सनी टीशर्ट और साइकिल बरामद की थी जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
