बीजिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाली कलाकार को नहीं मिला देश में सम्मान
नई दिल्ली, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। सबको यह पता है कि भारत ने बीजिंग ओलंपिक में एक स्वर्ण पदक जीता है, लेकिन यह गलत है क्योंकि बीजिंग में भारत को दो स्वर्ण पदक मिले थे।
नई दिल्ली, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। सबको यह पता है कि भारत ने बीजिंग ओलंपिक में एक स्वर्ण पदक जीता है, लेकिन यह गलत है क्योंकि बीजिंग में भारत को दो स्वर्ण पदक मिले थे।
यह अलग बात है कि एक स्वर्ण निशानेबाजी में अभिनव बिंद्रा ने जीता, जबकि दूसरा स्वर्ण कला के क्षेत्र में सुनीता लांबा ने। बिंद्रा की झोली तो पुरस्कारों और सम्मान से भर गई, लेकिन सुनीता का सम्मान करने वाला कोई नहीं।
दिल्ली के दिवंगत क्रिकेटर रमन लांबा की बहन सुनीता पेशे से दृश्यकला कलाकार हैं। बीजिंग ओलंपिक आयोजन समिति की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी में उनकी कलाकृति 'स्पीरीट ऑफ यूनिटी' को स्वर्ण पदक से नवाजा गया था।
सुनीता ने आईएएनएस को बताया, "अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष जैक्स रॉग ने 11 अगस्त को प्रदर्शनी का उद्घाटन किया था। उसी दिन मुझे स्वर्ण पदक मिला था।"
सुनीता को इस बात का दुख है कि देश का नाम रोशन करने के बावजूद उन्हें सम्मान नहीं मिला। उन्होंने कहा, "मैं खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए जाने के खिलाफ नहीं हूं। मुझे इस बात का दुख है कि मुझे पूरी तरह भुला दिया गया है।"
काफी इंतजार के बाद सुनीता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से संपर्क करने का फैसला किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें सोमवार को खिलाड़ियों के लिए आयोजित सम्मान समारोह में आने को कहा।
सुनीता कहती हैं, "मैं वहां गई। मुख्यमंत्री ने मुझे मीडिया से परिचित कराया और भूल गईं। इसके बाद तो मुझे एक गुलदस्ता भी नहीं दिया गया।"
हालांकि मुक्केबाजी का कांस्य पदक जीतने वाले विजेंदर कुमार के पिता ने उन्हें स्वर्ण पदक जीतने की बधाई दी। सुनीता ने कहा, "विजेंदर के पिता ने मुझे बधाई दी। उन्होंने कहा कि कला भी एक खेल है। मुझे उनसे बात करके बहुत अच्छा लगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
