पासवान के खिलाफ कार्रवाई करें प्रधानमंत्री : भाजपा
नई दिल्ली, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से केंद्रीय रसायन व उवर्रक मंत्री रामविलास पासवान पर बांग्लादेशियों को नागरिकता देने संबंधी टिप्पणी के लिए कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा, "पासवान केंद्र सरकार में मंत्री हैं। ऐसे में एक मंत्री द्वारा बांग्लादेशी घुसपैठियों को भारत की नागरिकता देने का सुझाव संविधान का उल्लंघन है।"
उन्होंने कहा, "भारत में बांग्लादेश से करोड़ों की संख्या में लोग घुसपैठ द्वारा आए हैं। इन्हीं घुसपैठियों की आड़ में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) और हूजी जैसे आंतकवादी संगठन अपने मंसूबों को अंजाम देते हैं, इस बात के प्रत्यक्ष प्रमाण भी मिले हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा), वामदल और कांग्रेस व राजद जैसे दल इन घुसपैठियों को राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध कराने में मदद करते हैं।"
जावडेकर ने कहा कांग्रेस द्वारा अवसरवादी राजनीति अपनाने के कारण आज संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के घटक दल उस पर हावी होते जा रहे हैं। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के दबाव में रामसेतु तोड़ने का निर्णय किया गया। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के दबाव में अमरनाथ भूमि आवंटन मामले में यू टर्न लिया गया। राजद व अन्य दलों के दबाव में पोटा को हटाने का फैसला किया गया और अब लोजपा जैसे दल घुसपैठियों को संरक्षण देने की वकालत कर रहे हैं।
जावडेकर ने कहा, "प्रधानमंत्री को पासवान से उनके बयान के लिए स्पष्टीकरण मांगना चािहए और साथ ही उन पर कार्रवाई भी करनी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
