नागरिकों की हत्या के विरोध में अफगानिस्तान में प्रदर्शन
काबुल, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी सेना द्वारा तीन अफगानी नागरिकों की हत्या के विरोध में सोमवार को राजधानी काबुल में सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया। रविवार रात को अमेरिकी सेना पर एक व्यक्ति और उसके दो बच्चों को मारने का आरोप लगा था।
प्रदर्शनकारियों में से एक अहमद साबोर ने कहा कि आधी रात को अमेरिकी सैनिकों ने स्थानीय निवासी नूरुल्लाह के दरवाजे पर विस्फोट किया और फिर घर में घुसकर उनकी और उनके दो साल और नौ महीने के दो बच्चों की हत्या कर दी।
साबोर ने बताया कि अमेरिकी सैनिकों ने नूरुल्लाह की पत्नी को घायल कर दिया और परिवार के तीन पुरुष सदस्यों को गिरफ्तार भी कर लिया।
नूरुल्लाह के पड़ोसी अब्दुल वकील ने कहा कि अगर अमेरिकी सैनिकों ने उनको तालिबानी आतंकवादी समझकर मारा तो फिर हम सारे लोगों को मार देना चाहिए।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार इस संबंध में उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) और अमेरिकी सेना की प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
