ईंधन की कीमतें घटने पर ही किराया घटाएगी स्पाइसजेट
नई दिल्ली, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। सस्ती उड़ान सेवा उपलब्ध कराने वाली विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने कहा है कि वह उसी स्थिति में किराया कम करेगी जब ईंधन की कीमतें अगले दो-तीन महीनों तक स्थिर रहेंगी।
कंपनी के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी संयुक्त श्रीधरन ने आईएएनएस को बताया, "हम अभी किराया कम नहीं कर रहे हैं लेकिन अगर एटीएफ (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) की कीमतें अगले दो-तीन महीने तक स्थिर रहीं तो हम जरूर कीमतें कम करेंगे।"
उल्लेखनीय है कि किसी भी विमान कंपनी के कुल खर्च में ईंधन का हिस्सा करीब 35 फीसदी होता है इसलिए ईंधन की कीमत बढ़ते ही कंपनियां किराया बढ़ाने पर मजबूर हो जाती हैं।
श्रीधरन ने बताया कि इस वर्ष मार्च से जून के बीच एटीएफ की कीमत में 47 फीसदी का इजाफा हुआ है।
बढ़ती कीमतों के चलते इस वर्ष कम दूरी के हवाई किराए में 500 रुपये की और लंबी दूरी के किराए में 1,350 रुपये का इजाफा किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
