नैनो संयंत्र में लगातार तीसरे दिन कामकाज नहीं हुआ (लीड-1)
कोलकाता, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में सिंगुर स्थित टाटा मोटर्स के निर्माणाधीन 'नैनो' संयंत्र में सोमवार को लगातार तीसरे दिन कामकाज नहीं हो सका। कंपनी का कहना है कि काम शुरू करने लायक स्थिति फिलहाल नहीं बन पाई है।
टाटा मोटर्स के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "परिस्थितियां आज (सोमवार को) काम शुरू करने के अनुकूल नहीं हो पाई हैं। हम हालात पर पैनी नजर रखे हुए हैं।"
तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व में फैक्ट्री स्थल पर अनिश्चितकालीन धरने प्रदर्शन की वजह से शुक्रवार और शनिवार को भी नैनो संयंत्र में काम ठप रहा था। प्रदर्शनकारी निर्माणाधीन संयंत्र के लिए अधिगृहीत चार सौ एकड़ जमीन किसानों को लौटाए जाने की मांग कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य का कहना है कि किसानों को चार सौ एकड़ जमीन लौटाए जाने का अर्थ पूरी परियोजना वापस लेना होगा, जो संभव नहीं है।
बहरहाल पिछले एक सप्ताह से बंद पड़ा दुर्गापुर एक्सप्रेसवे आज खुल गया। यह एक्सप्रेसवे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-2 का हिस्सा है, जो कोलकाता और दिल्ली को जोड़ता है।
प्रदर्शनकारियों ने यह एक्सप्रेसवे जाम कर रखा था,लेकिन हुगली जिले के पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्र की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद प्रदर्शनकारी दुर्गापुर एक्सप्रेसवे से हटने पर सहमत हो गए।
इससे पहले शनिवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियोंे ने भी दुर्गापुर एक्सप्रेसवे से अवरोध हटाने के लिए तृणमूल कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
