सायमंड्स को 'निकालकर' मुश्किल में पड़े चयनकर्ता
मेलबर्न, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) ने अनुशासनहीनता के मामले में अपने हरफनमौला क्रिकेटर एंड्रयू सायमंड्स को टीम से निकाल तो दिया है, लेकिन सायमंड्स की गैरमौजूदगी में सीए के चयनकर्ताओं को आगे का कार्यक्रम बनाने में काफी दिक्कत हो रही है।
आस्ट्रेलियाई टीम को अगले महीने भारत दौरे पर जाना है। चार मैचों की बार्डर-गावस्कर ट्राफी आस्ट्रेलियाई टीम के लिए खासी अहम है। यही कारण है कि चयनकर्ता सायमंड्स के बगैर टीम को भारत नहीं भेजना चाहते।
आस्ट्रेलिया ने पिछली बार बार्डर-गावस्कर ट्राफी जीती थी। इसमें सायमंड्स की अहम भूमिका रही थी।
अब जबकि पंद्रह दिनों के भीतर भारत दौरे के लिए टीम चुनी जानी है, चयनकर्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
अनुशासनहीनता के मामले में टीम से निकाले गए सायमंड्स को लेकर सीए अब तक कोई फैसला नहीं कर सका है। हालांकि उम्मीद है कि उन्हें एक और मौका मिलेगा, लेकिन शायद यह आखिरी होगा।
उधर, टीम के कार्यकारी कप्तान माइकल क्लार्क ने रविवार को कहा था कि टीम में आने से पहले सायमंड्स को साथियों का भरोसा जीतना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
