मप्र के इंदौर और भोपाल बनेंगे वायरलेस शहर
भोपाल, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल और प्रमुख व्यापारिक नगर इंदौर अब वायरलेस शहर (वाई-फाई सिटी) बनने वाले हैं। इस बाबत प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी विभाग और सामथ्र्य कम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड के बीच सहमति बन गई है।
प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि प्रस्तावित योजना के अमल में आने से वाइफाई सुविधा पूरे शहर में उपलब्ध होगी एवं तारों से मुक्ति मिलेगी। साथ ही इस सेवा के माध्यम से निर्बाध रूप से इंटरनेट कनेक्टिविटी आसानी से उपलब्ध हो जाएगी।
विजयवर्गीय के अनुसार अब दोनों शहरों के किसी भी स्थान पर रहकर तयशुदा स्थान का जायजा कंप्यूटर के माध्यम से ले लिया जा सकता है। यह वीडियो सर्वलान्स की तरह होगी। इसके जरिए शहर के प्रमुख स्थानों पर आसानी से निगरानी रखी जा सकेगी। वायरलेस कैमरे लगाने का विकल्प उपलब्ध होगा। उनका दावा है कि इस नई तकनीक को भेदना आसान नहीं होगा।
विजयवर्गीय ने बताया कि पुणे एवं बेंगलुरू शहर में यह सुविधा शुरू किए जाने की घोषणा की गई थी, परन्तु अभी तक कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है। प्रस्तावित योजना प्रारंभ होने पर इंदौर तथा भोपाल देश के पहले ऐसे शहर होंगे, जहां वाइफाई सुविधा उपलब्ध रहेगी। यह परियोजना सुरक्षा की दृष्टि से सबसे महत्वपूर्ण रहेगी, क्योंकि प्रदेश में सक्रिय प्रतिबंधित संगठन 'स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया' (सिमी) की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। प्रस्तावित योजना में 'सामथ्र्य कम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड' दो सौ से तीन सौ करोड़ का निवेश कर रही है।
विजयवर्गीय के अनुसार राज्य सरकार ने प्रदेश के पांच शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालयों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना का निर्णय लिया है। उज्जैन, रीवा, सागर, जबलपुर एवं सरदार वल्लभ पॉलीटेक्निक महाविद्यालय भोपाल में इसके तहत प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
