घाटी में कर्फ्यू जारी, हुर्रियत का शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान
श्रीनगर, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। घाटी में कर्फ्यू सोमवार को लगातार नौवें दिन भी जारी है और हुर्रियत नेताओं की ओर से किए गए शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान पर प्रशासन अमरनाथ विवाद पर समझौते के मद्देनजर सतर्कता बरत रहा है।
इस समझौते के तहत श्राइन बोर्ड को तीर्थयात्रा के दौरान 40 एकड़ भूमि का उपयोग करने का अधिकार दिया गया है।
सोमवार को घाटी के किसी भी इलाके में कर्फ्यू में ढील दिए जाने की खबर नहीं है, जबकि हुर्रियत की संयुक्त समन्वय समिति ने घाटी में शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित करने का आह्वान किया है।
राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि कानून और व्यवस्था की सावधानीपूर्वक समीक्षा के बाद ही कर्फ्यू में चरणबद्ध तरीके से ढील दी जाएगी।
रविवार को घाटी के विभिन्न इलाकों में कर्फ्यू में ढील दी गई थी। प्रशासन को आशंका है कि अलगाववादियों के प्रदर्शन के आह्वान से स्थिति बिगड़ सकती है।
रविवार को श्रीनगर, कुलगाम, शोपियां , अनंतनाग और कुपवाड़ा जिलों में कर्फ्यू में ढील दिए जाने के बाद हिंसा भड़क उठी थी, जिसके बाद इन इलाकों में फिर से कर्फ्यू लगा दिया गया था।
गौरतलब है कि श्रीअमरनाथ संघर्ष समिति और राज्यपाल के प्रतिनिधियों के बीच रविवार तड़के पांचवें दौर की वार्ता में समझौता हो गया। समझौते के अनुसार श्रीअमरनाथ श्राइन बोर्ड को तीर्थ यात्रा के दौरान 40 एकड़ भूमि के उपयोग करने का विशेष अधिकार दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
