दूरसंवेदी एजेंसी इसरो के अधीन
बंगलुरू, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। स्वायत्त राष्ट्रीय दूरसंवेदी एजेंसी (एनआरएसए) अब सरकारी संस्था बन गई है और इसे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अधीन किया गया है।
हैदराबाद स्थित दूरसंवेदी एजेंसी का नया नाम राष्ट्रीय दूरसंवेदी केंद्र (एनआरएससी) रखा गया है। अब यह इसरो के अन्य केंद्रों के साथ मिलकर भारतीय दूरसंवेदी कार्यक्रम के विकास को आगे बढ़ाएगा।
इसरो ने एक बयान में कहा है कि संस्था का विलय हवाई और उपग्रह दूरसंवेदी गतिविधियों की संबद्धता को देखते हुए किया गया है।
इसरो की भूमि निरीक्षण व्यवस्था के पूर्व निदेशक वी. जयरामन के नेतृत्व में यह केंद्र कृषि मंत्रालय, जल संसाधन, शहरी विकास, गृह मामलों तथा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से जुड़े होने के कारण केंद्र सरकार के कई राष्ट्रीय कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
एनआरएसए की स्थापना 1974 में विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के अन्तर्गत की गई थी। दूर संवेदन की सुविधा पूरे देश में उपलब्ध कराने के लिए 1982 में इसे अंतरिक्ष विभाग को सौंप दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
