ताइवान की चीन तक मार करने वाली क्रूज मिसाइल योजना स्थगित
ताइपे, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। ताइवान ने चीन तक मारक क्षमता रखने वाली क्रूज मिसाइल विकसित करने की योजना स्थगित कर दी है। इस फैसले को चीन के साथ चल रहे शांति प्रयासों के तहत लिया गया कदम बताया गया है।
समाचार एजेंसी डीपीए ने 'यूनाइटेड डेली न्यूज' के हवाले से सोमवार को बताया कि ताइपे ने एक हजार किलोमीटर की दूरी तक मारक क्षमता रखने वाली क्रूज मिसाइज योजना को स्थगित कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि 20 मई को देश के राष्ट्रपति बनने के बाद मा यिंग-जियु जलडमरुमध्य क्षेत्रों में चीन के साथ मधुर संबंध स्थापित करने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया है कि ताइवान चीन के साथ शांति स्थापित करना चाहता है, लेकिन वह अपनी आत्मरक्षा के लिए अमेरिका से उन्नत हथियारों की खरीद करेगा।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद और रक्षा मंत्रालय ने आम सहमति से क्रूज मिसाइल तैयार करने की योजना स्थिगित की है। उनका मानना है कि ताइवान को आत्मरक्षा के लिए हथियार तैयार करने पर ध्यान केन्द्रित करना चाहिए न कि हमले के लिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
