विदर्भ के 4 किसानों ने की त्योहार के दिन आत्महत्या
नागपुर, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। विदर्भ के चार किसानों ने पिछले सप्ताहांत आत्महत्या के लिए ऐसे दिन का चयन किया, जो उनका सबसे बड़ा धार्मिक त्योहार है। उन्होंने अपने प्रमुख पर्व पोला के अवसर पर आत्महत्या की।
कर्ज में डूबे ये किसान इस बात से परेशान थे कि वे आर्थिक परेशानियों के कारण पर्व को ठीक ढंग से नहीं मना पाएंगे। दो वर्ष पहले भी क्षेत्र के दो किसानों ने ठीक इसी त्योहार के दिन आत्महत्या कर ली थी। पोला का उत्सव स्थानीय किसान अपने बैलों की पूजा करते हुए खरीफ की नई फसल के स्वागत में मनाते हैं।
आत्महत्या की ये चारों घटनाएं गत शनिवार को अमरावती जिले के सोनेरी गांव, नागपुर जिले के मुक्तापुर गांव और यवतमाल जिले के पंढेरी ओर कोना गांवों में हुईं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले वर्ष 2006 में प्रधानमंत्री द्वारा 37.50 अरब रुपये का राहत पैकेज घोषित किए जाने के बावजूद रिकार्ड संख्या में किसानों ने आत्महत्या की थी। उस वर्ष किसानों को कपास की फसल के लिए प्रति क्विं टल 1,700 रुपये की न्यूनतम राशि का भुगतान किया गया था।
विदर्भ जन आंदोलन समिति के नेता किशोर तिवारी ने आईएएनएस को बताया कि इन दिनों ज्यादा किसान आत्महत्या इसलिए भी कर रहे हैं, क्योंकि सोयाबीन की फसल में लगे कीड़ों से निपटने के कोई उपाय नहीं किए गए हैं और सरकार द्वारा घोषित कर्ज माफी के लिए बैंकों के पास रकम नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे


Click it and Unblock the Notifications
