झारखंड में भाजपा के निलंबित विधायकों को मतदान से वंचित किया
रांची, 28 अगस्त (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री शिबू सोरेन शुक्रवार को राज्य विधानसभा में अपना बहुमत साबित करने वाले हैं। इसके ठीक एक दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निलंबित दोनों विधायकों के मतदान करने के अधिकार को राज्य विधानसभा के अध्यक्ष आलमगीर आलम ने निलंबित कर दिया है।
भाजपा के ये निलंबित विधायक हैं विष्णु भैया और मनोहर टेकरीवाल। दोनों को पिछले साल पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण भाजपा से निलंबित कर दिया गया था। दोनों ने सोरेन को समर्थन देने का खुला एलान कर रखा है। माना जा रहा है कि दोनों को मतदान से वंचित करने से सोरेन की सेहत पर कोई असर पड़ने वाला नहीं है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पी. एन. सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष के फैसले का स्वागत करते हुए कहा, "बेहतर होता कि विधानसभा अध्यक्ष उन सभी 10 विधायकों को मतदान से वंचित कर देते जिनके खिलाफ मामले उनके पास दर्ज हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।