राहुल ने मायावती पर चलाए तीर (लीड-1)
रजत राय
रजत राय
इलाहाबाद, 28 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने गुरुवार को इलाहाबाद में आयोजित अपनी पहली जनसभा में उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती पर जमकर तीर चलाए। केंद्रनीत गरीबपरक योजनाओं के क्रियान्वयन, बाढ़ राहत के संबंध में राज्य सरकार द्वारा बरती जा रही हीलाहवाली के लिए भी उन्होंने मायावती को जमकर आड़े हाथों लिया।
अपने पुरखों के गृह नगर में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि गरीबों के उत्थान के लिए चलाई जाने वाली योजनाओं की जब बारी आती है तो उत्तरप्रदेश में प्रशासन पूरी तरह चौपट हो जाता है।
उन्होंने कहा, "केंद्रीय योजनाओं के लिए आवंटित राशि लखनऊ तो पहुंच जाती है लेकिन वह गांव व गरीबों तक नहीं पहुंच पाती। जब तक देश का गरीब उन्नति नहीं करेगा तब तक देश का विकास संभव नहीं होगा।"
राहुल ने कहा कि इलाहाबाद आकर उन्हें बेहद खुशी की अनुभूति हुई है क्योंकि यह हमारे पुरखों का शहर है।
राहुल यूं तो जनसभा को संबोधित करने के लिए इलाहाबाद पहुंचे थे लेकिन इस मौके का फायदा उठाकर वे अपने दादा से जुड़ी यादों को भी ताजा कर गए।
राहुल ने गुरुवार को यहां के ममफोर्डगंज इलाके में स्थित अपने दादा स्वर्गीय फिरोज जहांगीर गांधी की समाधि पर पहुंचे और श्रद्धासुमन अर्पित किए। अपने कुछ पारसी दोस्तों के साथ पहुंचे राहुल ने यहां लगभग 10 मिनट बिताए।
इस समाधि क्षेत्र की देखरेख करने वाले 70 वर्षीय वृद्ध बृजलाल ने बताया कि राहुल की मां व मौजूदा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आठ वर्ष पहले यहां का दौरा किया था।
बाद में राहुल यहां के नैनी सेंट्रल जेल भी गए और वहां बंद नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन आफ इंडिया (एनएसयूआई) व युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
जेल में राहुल उस कक्ष में भी गए जहां स्वाधीनता आंदोलन के दौरान देश के पहले प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू को बंद रखा गया था।
ज्ञात हो 25 अगस्त को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कुलपति के कार्यालय के समक्ष छात्र संघ चुनावों की मांगों को लेकर धरना दिया था। बाद में प्रदर्शनकारी छात्र नेताओं को कुलपति कार्यालय पर हमला करने के आरोप में जेल में बंद कर दिया गया और उन पर कई प्रकार के मामले दर्ज कर दिए गए।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक राहुल ने जेल में बंद छात्र नेताओं को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
राहुल का अपने पैतृक घर भी जाने का कार्यक्रम था लेकिन किसी कारणवश उसे रद्द कर दिया गया। नेहरू का जन्म इसी घर में हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
