पाकिस्तान में 50 आतंकवादी ढेर
इस्लामाबाद, 28 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान में अफगानिस्तान की सीमा के समीप सुरक्षाकर्मियों और आतंकवादियों के बीच झड़पों में कम से कम 50 आतंकवादी मारे गए।
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर मुराद खान ने बुधवार को बताया कि बाजौर क्षेत्र के राघान क्षेत्र में आतंकवादियों के ठिकानों पर तोपों और युद्धक हेलीकाप्टरों से हमला किया गया। इस कार्रवाई में कम से कम तीस आतंकवादी मारे गए। खान ने कहा कि मृतकों में कई तालिबानी कमांडर भी शामिल थे।
खान ने कहा कि नौवागाई इलाके में एक अन्य कार्रवाई में सात आतंकवादियों को मार गिराया गया। हालांकि, मारे गए आतंकवादियों की संख्या को लेकर स्थानीय अधिकारियों का कुछ और ही कहना है। एक अधिकारी ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर कहा कि इन दोनों हमलों में केवल सात से आठ आतंकवादी ही मारे गए।
समाचार एजेंसी डीपीए ने खान के हवाले से बताया कि दक्षिण वजीरिस्तान इलाके में भी सेना ने आतंकवादियों के विरूद्ध कार्रवाई की, जिसमें 13 आतंकवादी मारे गए। सेना ने यह कार्रवाई तिजारा फोर्ट और तिजारा ब्रिज नाके में की थी। मुठभेड़ की एक घटना में 15 से 20 आतंकवादी घायल भी हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
