उड़ीसा हिंसा के विरोध में महेश भट्ट के नेतृत्व में राज्यपाल से मिला प्रतिनिधिमंडल
मुंबई, 28 अगस्त (आईएएनएस)। उड़ीसा में भड़की साम्प्रदायिक हिंसा के विरोध में जाने माने फिल्म निर्माता व निर्देशक महेश भट्ट के नेतृत्व में विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल एस. सी. जमीर से भेंट की।
उड़ीसा में ईसाई समुदाय पर हो रहे हमले की निंदा करते हुए इस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि वे केंद्र सरकार को उनकी भावनाओं से अवगत कराएं।
ऑल इंडिया क्रिश्चियन काउंसिल (एआईसीसी) के बैनर तले राज्यपाल से मिलने पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र सरकार से आग्रह किया उड़ीसा में ईसाइयों के जान माल की रक्षा के लिए वह हस्तक्षेप करे।
प्रतिनिधिमंडल ने उड़ीसा में जल्द से जल्द सेना की तैनाती की मांग की। साथ ही उसने पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने की भी गुजारिश की।
राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और गृहमंत्री शिवराज पाटिल को उनकी भावनाओं से अवगत कराएंगे।
राज्यपाल से मिलने गए प्रतिनिधिमंडल में एआईसीसी के महासचिव अब्राहम मथाई, मुबंई आर्चबिशप की ओर से फादर एंथनी चारनघट, कार्डिनल ओसवाल्ड ग्रेसियस, रजा अकादमी के महासचिव एम. सईद नूरी और सिख एसोसिएशन के पदाधिकारी सरदार रजिंदर सिंह शामिल थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
