तीसरे एकदिवसीयम मैच में स्मिथ का खेलना संदिग्ध
लंदन, 28 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के कप्तान ग्रीम स्मिथ का इंग्लैंड के साथ शुक्रवार को खेले जाने वाले तीसरे एकदिवसीय मैच में खेल पाना तय नहीं है। कोहनी की चोट के कारण स्मिथ पहले दो मैचों में भी नहीं खेल सके थे।
दक्षिण अफ्रीकी टीम प्रबंधन का कहना है कि स्मिथ अपनी चोट से पूरी तरह उबर नहीं सके हैं। गुरुवार को उन्होंने विशेषज्ञ की राय ली, लेकिन इसके बावजूद उनके खेलने को लेकर अंतिम रूप से फैसला नहीं किया जा सका है।
दक्षिण अफ्रीकी टीम के फिजियोथेरेपिस्ट शेन जाबार स्मिथ की चोट का विस्तार से जांच करेंगे। मौजूदा स्थिति को देखते हुए उनका श्रंखला के बाकी के मैचों में खेल पाना तय नहीं दिख रहा है।
जाबार ने क्रिकेट बेवसाइट 'सुपरक्रिकेट डॉट कॉम' को बताया, "यह बता पाना बहुत मुश्किल है कि स्मिथ टेनिस एल्बो (कोहनी की चोट) से कब तक उबर जाएंगे। सुधार कार्यक्रम जारी है, आशा है कि वे जल्द फिट होकर टीम के साथ होंगे।"
दक्षिण अफ्रीकी टीम पांच मैचों की श्रंखला में 2-0 से पिछड़ रही है, ऐसे में स्मिथ का नहीं खेल पाना उसके लिए मुश्किल का सबब बन सकता है क्योंकि ओवल में खेले जाने वाले तीसरे मैच की हार उसे श्रंखला गंवाने पर मजबूर कर देगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
