बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर, कई नए इलाके चपेट में आए
पटना, 28 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार में कोसी नदी के कहर के कारण बाढ़ की स्थिति लगातार विकट होती जा रही है। मधेपुरा, सुपौल, अररिया और पूर्णिया जिलों के कई नए इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है और इसमें मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है, जबकि राहत कार्यो में मदद के लिए सेना भी बुला ली गई है।
मधेपुरा के जिलाधिकारी राजेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि जिले के 10 प्रख्ांडों की 126 पंचायतों के 256 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ से करीब 15 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण एक लाख 30 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें बर्बाद हो गई हैं।
राहत कार्यो के लिए 86 नावें और 11 मोटरबोटें चलाई जा रही हैं। बाढ़ का पानी कुमारखंड, ग्वालपाड़ा, मुरलीगंज, मधेपुरा, सिंहेश्वर, बिहारीगंज, उदाकिशुनगंज, शंकरपुर, आलमनगर, पुरैनी प्रखंडों में फैल गया है।
कोसी की धार से सुपौल जिले के 300 गांव तथा अररिया के एक सौ गांवों में पानी ही पानी नजर आ रहा है। सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल की आधा दर्जन पंचायतों समेत जिले की कुल 21 पंचायतें बाढ़ से घिर चुकी हैं।
राज्य के आपदा प्रबंधन राज्य मंत्री नीतीश मिश्र ने गुरुवार को बताया कि मधेपुरा, अररिया, सुपौल और सहरसा जिलों के 24 प्रखंडों की 263 पंचायतों के 19 लाख 78 हजार लोग प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि सुपौल में 10 मोटरबोट सहित 145 नावें, मधेपुरा में 11 मोटरबोट समेत 86 नावें, सहरसा में 46 नावें और अररिया में 9 मोटरबोट समेत 33 नावें राहत कार्य में लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि चारों प्रभावित जिलों में 44 चिकित्सा शिविर व 22 पशु शिविर खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ राहत में अब सेना की मदद ली जा रही है।
उधर, कटिहार के चार प्रखंडों की 60 हजार आबादी बाढ़ में घिरी हुई है। पूर्णिया के बाढ़ प्रभावित बीकोठी, बनमनखी, रूपौली और अमौर प्रखंड में बारिश के कारण बीकोठी की दो और पंचायतों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है।
राज्य पुलिस के प्रवक्ता अनिल सिन्हा ने गुरुवार को बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए पहले से मौजूद पुलिसकर्मियों के अलावा 750 अतिरिक्त पुलिस अधिकारी, विशेष सहायक बल (सैप) के 900 ,राज्य पुलिस बल के 2440 और होमगार्ड के 1350 जवानों के अतिरिक्त बिहार सैन्य बल की आठ कंपनियां लगायी गई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
