निहंग नेता को जेल में जलाया, हालत गंभीर (लीड-1)
अमृतसर/चंडीगढ़, 28 अगस्त (आईएएनएस)। सिखों के निहंग पंथ के विवादास्पद नेता अजित सिंह फूला को गुरुवार को अमृतसर की केंद्रीय जेल में कुछ साथी कैदियों ने आग लगा दी। उन्हें 60 फीसदी जली हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
फूला को तत्काल अमृतसर के सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
जेल अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया कि घटना गुरुवार की सुबह उस समय हुई जब फूला की दो साथी कैदियों से बहस हो गई।
उन्होंने बताया कि दो कैदियों हरचरन सिंह और नवतेज सिंह में से एक तो फूला के साथ बहस करता रहा जबकि दूसरा जेल परिसर में रखे जनरेटर से डीजल निकाल लाया और फूला पर उड़ेल दिया और उसके बाद आग लगा दी। दोनों कैदी हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद हैं।
फूला ने खुद को बचाने की कोशिश में भागते हुए पानी के टैंक में कूद गया।
जेल अधीक्षक एस. पी. सिंह ने कहा कि घटना के बाद तीन सुरक्षा गार्डो को निलंबित कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही उनके समर्थक भारी संख्या में अस्पताल के बाहर एकत्रित हो गए।
उल्लेखनीय है कि फूला के खिलाफ हत्या, बलात्कार और दंगे भड़काने के कई मामले दर्ज हैं और कुछ मामलों में उसे दोषी भी करार दिया गया है। पंजाब में (1981-95) के दौरान आतंकवाद के दौर में पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने फूला को मुखबिर के रूप में भी इस्तेमाल किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
