शुक्रवार को बहुमत सिद्ध करेंगे सोरेन
रांची, 28 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री शिबू सोरेन शुक्रवार को विधानसभा में बहुमत सिद्ध करेंगे।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सुप्रीमो सोरेन ने बुधवार को 11 मंत्रियों के साथ झारखंड के छठे मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के इस्तीफे के बाद 25 अगस्त को राज्यपाल सैयद सिब्ते रजी ने सोरेन को राज्य में सरकार बनाने का न्यौता दिया था।
राज्यपाल ने सोरेन को एक सितंबर तक बहुमत साबित करने के लिए कहा था। बुधवार को सोरेन के साथ जिन 11 मंत्रियों ने शपथ ली, उसमें झामुमो के तीन विधायक सुधीर महतो, नालिन सोरेन और दुलाल भूइया शामिल हैं। ये तीनों मधु कोड़ा सरकार में भी मंत्री थे।
झामुमो के तीन सदस्यों के अलावा फॉरवार्ड ब्लॉक के भानु प्रताप साही व अपर्णा सेन गुप्ता, यूजीडीपी के बंधु टिर्की व जोबा मांझी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कमलेश सिंह और निर्दलीय विधायक स्टीफन मरांडी, एनोस एक्का और हरिनारायण राय ने भी बुधवार को मंत्री पद की शपथ ली।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
