आसिफ को लेकर आईपीएल के फैसले का सम्मान करेगा पीसीबी
कराची, 28 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने साफ कर दिया है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) प्रतिबंधित दवा के सेवन के दोषी पाए गए उसके तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ को चाहे जो भी सजा दे, वह उसका विरोध नहीं करेगा।
पीसीबी के एक शीर्ष अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि आसिफ प्रकरण में उनके देश का क्रिकेट बोर्ड आईपीएल के फैसले का सम्मान करेगा।
पीसीबी के चीफ ऑपरेटिंग अधिकारी शफकत नगमी ने कहा, "आसिफ को प्रतिबंधित दवाओं के सेवन का दोषी पाया गया है, इस लिहाज से आईपीएल को उनके खिलाफ फैसला लेने का पूरा अधिकार है। अगर आईपीएल आसिफ पर प्रतिबंध भी लगा देता है तो हम उसके फैसले का विरोध नहीं करेंगे।"
दुबई हवाई अड्डे पर नशीले पदार्थ के साथ पकड़े जाने के मामले के बारे में पूछे जाने पर नगमी ने कहा कि इस संबंध में कोई भी फैसला लेने का अधिकार केवल पीसीबी अध्यक्ष के पास है। अभी चूंकि पीसीबी का कोई अध्यक्ष नहीं है, लिहाजा इस मामले में कोई विकास नहीं हो सका है।
गौरतलब है कि नसीम अशरफ के इस्तीफे के बाद से पीसीबी का अध्यक्ष पद खाली है। अशरफ ने परवेज मुशर्रफ के इस्तीफा देने के बाद अपना पद छोड़ दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
