बिहार बाढ़ : मंत्री ने कहा, अभी भी 10 लाख लोग चपेट में

सहरसा (बिहार), 28 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के आपदा प्रबंधन मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा है कि अभी भी लगभग 10 लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं, जिन्हें बचाए जाने की जरूरत है। उनके मुताबिक बाढ़ से अब तक 25 लाख प्रभावित हुए हैं।

मिश्रा ने कहा, "दिनों दिन बाढ़ की स्थित और भी भयावह होती जा रही है। हमारा अनुमान है कि लगभग 10 लाख अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं। इन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिशें जारी हैं। राज्य सरकार के लिए यह एक चुनौती की घड़ी है।"

उन्होंने आईएएनएस को बताया, "मधेपुरा, सुपौल और सहरसा के कुछ क्षेत्रों में लगभग दस लाख फंसे हुए हैं। अररिया में स्थिति नियंत्रण में है। वहां फंसे लोगों को लगभग निकाला जा चुका है।"

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा जारी किए गए निर्देश के बाद राज्य सरकार के मंत्री, विधायक व अधिकारी लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कैंप कर रहे हैं। मिश्रा खुद पिछले एक सप्ताह से अररिया में कैंप कर रहे हैं।

मिश्रा ने कहा कि बाढ़ से स्थिति और भी गंभीर होने की संभावना है। जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। हमारे पास लोगों को सुरक्षित स्थानों में पहुंचाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। उनके मुताबिक अभी तक 90 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों में पहुंचाया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ जलस्तर लगातार बढ़ रहा है तो दूसरी ओर मोटरबोटों की कमी सामने आ रही है। इसके बावजूद हमारा प्रयास है कि अगले 72 घंटे के भीतर बाढ़ में फंसे सभी लोगों को बचाया जा सके।

नेपाल के कुशहा में कोसी नदी का तटबंध टूट जाने के कारण बिहार में आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा रखी है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और बिहार में आई बाढ़ को उन्होंने राष्ट्रीय आपदा घोषित किया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+